पंजाब केसरी में जनसंचार विभाग के छात्र सौरभ का चयन, विश्वविद्यालय में हर्ष और गर्व का माहौल
जनसंचार विभाग के लिए यह एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि सत्र 2022–2024 के छात्र सौरभ का देश के प्रतिष्ठित समाचार समूह पंजाब केसरी, जालंधर स्थित मुख्य कार्यालय में प्रोड्यूसर कम एंकर के पद पर चयन हुआ है। वर्तमान में वे नेशनल एवं जियो-पॉलिटिकल डेस्क से जुड़े हुए हैं, जहाँ वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों से संबंधित समाचार निर्माण और प्रस्तुति का कार्य कर रहे हैं।
अपने शैक्षणिक कार्यकाल के दौरान सौरभ विभाग के सर्वश्रेष्ठ छात्रों में से एक रहे। उन्होंने विश्वविद्यालय का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व किया और अकादमिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम आयोजनों में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। नृत्य, साहित्यिक और अन्य गतिविधियों में 25 से अधिक पुरस्कार प्राप्त कर उन्होंने विश्वविद्यालय को कई मंचों पर गौरवान्वित किया।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का वातावरण है। माननीय कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी ने सौरभ को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्र की मेहनत और विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने सौरभ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे मीडिया क्षेत्र में सकारात्मक और जिम्मेदार भूमिका निभाएंगे।
वहीं कुलसचिव डॉ. राजेश बंसल ने भी सौरभ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के व्यावहारिक शिक्षा मॉडल और उद्योग से जुड़े पाठ्यक्रमों की प्रभावशीलता को दर्शाती है।
इस अवसर पर OSD डॉ. विजय कुमार, जनसंचार विभाग के चेयरपर्सन डॉ अजमेर तथा विभागीय इंचार्ज डॉ. बलराम उपस्थित रहे। विभागीय शिक्षकों ने सौरभ की मेहनत, अनुशासन और रचनात्मक क्षमताओं की सराहना करते हुए इसे विभाग के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।
विभाग ने विश्वास व्यक्त किया कि सौरभ भविष्य में पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने कार्य के माध्यम से विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को आगे बढ़ाएंगे।
