युथ रेड क्रॉस, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के तत्वावधान में जिला स्तरीय पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ।
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के कुलगुरू प्रो. राम पाल सैनी के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रो. कुलदीप नारा, कार्यक्रम समन्वयक, युथ रेड क्रॉस के नेतृत्व में जिला स्तरीय पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में मानवता, सामाजिक उत्तरदायित्व, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, नेतृत्व क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण कौशलों का विकास करना है। शिविर में विभिन्न महाविद्यालयों से लगभग 100 प्रतिभागी अपने-अपने काउंसलर के साथ शामिल हो रहे हैं। प्रतिभागी महाविद्यालयों में सरकारी महाविद्यालय, जींद; राजकीय महिला महाविद्यालय, जींद; हिन्दू कन्या महाविद्यालय, जींद; सी.आर. किसान कॉलेज, जींद; सरकारी महाविद्यालय, जुलाना; सरकारी महाविद्यालय, अलेवा; के.एम. कॉलेज, नरवाना; एस.डी.एम.एम., नरवाना तथा राजीव गांधी एस.डी. कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज, नरवाना शामिल हैं।
इस शिविर का आयोजन माननीय कुलगुरू प्रो. राम पाल सैनी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में किया जा रहा है। प्रो. सैनी सदैव युवाओं में सेवा-भाव, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने पर बल देते हैं, तथा विश्वविद्यालय में ऐसे निरंतर नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करते हैं।
शिविर के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री मलकेत चहल, जिला बाल कल्याण अधिकारी, जींद ने शिरकत की। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने रेड क्रॉस की मानवतावादी सोच, प्राथमिक उपचार के महत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा युवाओं की रचनात्मक भागीदारी पर विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर श्री रवि हुड्डा, सचिव, जिला रेड क्रॉस सोसाइटी, जींद ने रेड क्रॉस की कार्यप्रणाली, सेवा सिद्धांतों एवं समाज में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर युवाओं में अनुशासन, कर्तव्यपरायणता, टीम भावना और सेवा-भावना को मजबूत करते हैं।
प्रो. लवलीन मोहन, रजिस्ट्रार, के मार्गदर्शन में शिविर की प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय रूपरेखा सफलतापूर्वक संचालित हो रही है।
उद्घाटन सत्र के दौरान प्रो. कुलदीप नारा, कार्यक्रम समन्वयक, युथ रेड क्रॉस ने मुख्य अतिथि, काउंसलरों और प्रतिभागियों का हार्दिक स्वागत किया और शिविर की गतिविधियों—जैसे प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम, व्यक्तित्व विकास सत्र, खेल एवं फिटनेस गतिविधियाँ, स्वच्छता अभियान, समूह चर्चा तथा सांस्कृतिक गतिविधियों—की रूपरेखा प्रस्तुत की।
शिविर में विशेष रूप से युथ रेड क्रॉस काउंसलर डॉ. रोहित राठी और डॉ. मंजू सुहाग भी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान किया और शिविर की गतिविधियों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका सहयोग शिविर के सुचारू संचालन में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहा है।
शिविर के प्रथम दिन प्रतिभागियों ने अनुशासन, उत्साह और सक्रियता के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। आगामी दिनों में स्वास्थ्य, मानसिक सशक्तिकरण, आपदा प्रबंधन, सामाजिक जागरूकता, प्राथमिक उपचार एवं रेड क्रॉस सेवा सिद्धांतों पर विशेषज्ञों द्वारा विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
युथ रेड क्रॉस, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यह पाँच दिवसीय शिविर न केवल युवाओं के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और सेवा-भावना को भी सुदृढ़ करेगा।
