यूथ रेड क्रॉस इकाई द्वारा विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशानुसार यूथ रेड क्रॉस इकाई द्वारा विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को कैंसर जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी के प्रति जागरूक करना तथा इसके बचाव, समय पर पहचान एवं प्रभावी उपचार के महत्व को समझाना था, ताकि युवा वर्ग स्वयं भी सतर्क रहे और समाज में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभा सके।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि कैंसर के प्रति जागरूकता ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है, और इसमें युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने समाज सेवा के क्षेत्र में यूथ रेड क्रॉस द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों एवं सामाजिक कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर प्रो. कुलदीप नारा, समन्वयक, यूथ रेड क्रॉस ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यूथ रेड क्रॉस निरंतर समाज हित में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जन-जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. रोहित, यूथ रेड क्रॉस काउंसलर ने कैंसर के कारणों, इसके प्रारंभिक लक्षणों तथा रोकथाम के प्रभावी उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि सही समय पर जांच से कैंसर का उपचार संभव है।
इस कार्यक्रम में यूथ रेड क्रॉस के स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया तथा कैंसर जागरूकता से संबंधित संदेशों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित जनों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश देते हुए किया गया।
