राष्ट्रीय कैडेट कोर ने विश्वविद्यालय के कुलपति को कर्नल की मानद उपाधि से नवाज़ा

May 6, 2024

राष्ट्रीय कैडेट कोर ने चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति को कर्नल की मानद उपाधि से नवाज़ा

भारत सरकार द्वारा चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जीन्द के कुलपति को कर्नल की मानद उपाधि प्रदान कर उनकी कर्तव्य पराणयता को सम्मानित किया है। देशभर से चयनित 19 कुलपतियों के प्रतिष्ठित मण्डल में से डॉ॰ रणपाल सिंह एक हैं, जिन्हें इस रूप में सम्मान प्राप्त हुआ है। डॉ॰ रणपाल सिंह कैडेट कोर के ‘कर्नल कमांडेंट’ हैं। केन्द्र सरकार द्वारा प्रदत्त विश्वविद्यालय के कुलपतियों के लिए मानद उपाधि उस महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है जो शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं के अनुशासित, सर्वांगीण, देशभक्त और नैतिक रूप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है।
उल्लेखनीय है कि कर्नल की मानद उपाधि पारंपरिक सम्मानों से अलग है। क्रिकेटर एमएस धोनी (भारतीय सेना), सचिन तेंदुलकर (आईएएफ), कपिल देव (भारतीय सेना) जैसी खेल हस्तियों को भी इसी तरह की मानद रैंक दी जा चुकी हैं। यह नई नीति राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को मान्यता देते हुए शैक्षणिक पृष्ठभूमि से आने वाले लोगों को सम्मान प्रदान करती है।
डॉ॰ रणपाल सिंह ने भारतीय शस्त्र बल का आभार व्यक्त करते हुए कहा की एन॰ सी॰ सी॰ अपने अनुशासन और देशभक्ति के लिए भारतवर्ष ही नहीं पूरे विश्व में प्रसिद्ध है, कैडेट रूप में हर युवा को देश के प्रति प्रेम करना और अनुशासन में निबद्ध रहना सिखाया जाता है। उन्होंने कहा की वे स्वयं स्कूल और विश्वविद्यालय के समय से राष्ट्रीय कैडेट कोर से जुड़े हुए हैं। अब भी विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले महाविद्यालयों में एनसीसी इकाईयों की स्थापना के लिए प्रयास कर रहे हैं। और जहाँ पूर्ववत इकाईयाँ कार्यशील हैं उन्हें भी इन्होंने सदैव प्रोत्साहित किया है। इनके कार्यकाल में विश्वविद्यालय में भी एन॰सी॰सी॰ की गतिविधियाँ ने विस्तार पाया जिसमें नियमित शिविरों में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के कैडेटों की भागीदारी शामिल है।
डॉ॰ रणपाल सिंह ने इस सम्मान को विश्वविद्यालय से जुड़े हर युवा को समर्पित करते हुए युवाओं से राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ देश सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीन्द क्षेत्र पहले ही सेना के प्रति समर्पण की भावना के लिए जाना जाता रहा है यहाँ के असंख्य परिवारों के सपूत सैन्य बल से जुड़े हुए है। इस धरती ने देश के लिए बहुत बलिदान दिए हैं। इसी परम्परा को बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय भी युवाओं को सैन्य सेवा पदों तक पहुचाने में सहयोग करेगा।
डॉ॰ रणपाल सिंह को मानद कर्नल उपाधि मिलने पर आज पूरे विश्वविद्यालय में प्रसन्नता और खुशी का माहौल है। सभी अधिकारिक अधिकारियों ने कुलपति को बधाई देते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए यह अत्यन्त गौरव का विषय है। विद्यार्थी वर्ग भी इस अवसर पर बधाई देने पहुँचा और कहा कि आप का यह सम्मान हर युवा के लिए प्ररेणा का स्त्रोत है।