हमारी जनगणना, हमारा विकास” राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
“हमारी जनगणना, हमारा विकास” राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम माननीय कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी तथा कुलसचिव प्रो. सीमा गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय प्रशासन की सक्रिय भूमिका देखने को मिली।
विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) सेल द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं NSS स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को जनगणना प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें इसके प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना—के लिए प्रशिक्षित करना था, ताकि वे इस राष्ट्रीय कार्य में प्रभावी योगदान दे सकें।
इस अवसर पर श्री कमलजीत सिंह एवं श्री सोनू सिहाग विशेष प्रशिक्षक (ट्रेनर) के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं, सर्वेक्षण तकनीकों तथा फील्ड में कार्य करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उनके द्वारा दिए गए व्यावहारिक उदाहरणों एवं अनुभवों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी और प्रभावी बनाया।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने विस्तार से बताया कि जनगणना के इस प्रारंभिक चरण में प्रत्येक घर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र की जाएगी, जिसमें मकान की संरचना, उसका उपयोग (आवासीय/व्यावसायिक), परिवार के सदस्यों की संख्या, उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति तथा मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, बिजली, शौचालय आदि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को डिजिटल माध्यमों के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया तथा उन्हें स्वयं जनगणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं डेटा भरने की प्रक्रिया का चरणबद्ध प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे कार्य में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित की जा सके।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी ने कहा कि जनगणना किसी भी राष्ट्र के समग्र विकास की आधारशिला होती है, क्योंकि इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े नीति निर्माण, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा संसाधनों के उचित वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं एवं NSS स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे इस राष्ट्रीय दायित्व को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाएं।
वहीं कुलसचिव प्रो. सीमा गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल प्रतिभागियों के ज्ञान में वृद्धि करते हैं, बल्कि उन्हें सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक भी बनाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे प्राप्त ज्ञान का उपयोग समाज की सेवा में करें।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. नवीन लडवाल, कार्यक्रम समन्वयक-NSS द्वारा सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने सभी को जनगणना अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
