शहीदी दिवस पर भगत सिंह, सुखदेव थापर एवं शिवराम राजगुरु के अद्वितीय बलिदान को शत-शत नमन

March 24, 2026

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद में शहीदी दिवस बड़े ही श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी ने शहीद पवन खटकड़ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश के सभी वीर शहीदों को नमन किया।

सभी को संबोधित करते हुए कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी ने कहा कि शहीदी दिवस हमें उन महान वीरों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आज़ादी और सम्मान के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि 23 मार्च का दिन विशेष रूप से इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी दिन भगत सिंह, सुखदेव थापर और राजगुरु को ब्रिटिश हुकूमत द्वारा फांसी दी गई थी। इन महान क्रांतिकारियों ने हंसते-हंसते देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया और आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति का सच्चा मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि महान सेनानियों का जीवन हमें यह सिखाता है कि राष्ट्रहित सर्वोपरि होता है। शहीदों का बलिदान केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि एक ऐसी प्रेरणा है जो हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करती है।

कुलगुरु ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि शहीदी दिवस मनाने का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि अर्पित करना नहीं है, बल्कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम, त्याग और समर्पण की भावना को जागृत करना भी है। आज के समय में हमें इन महान वीरों के आदर्शों को अपनाकर समाज और देश की उन्नति के लिए कार्य करना चाहिए, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।इस मोके पर सभी शिक्षक कर्मचारी गैर शिक्षक कर्मचारी शोधार्थी एवं विद्यार्थियों ने मिलकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।