सीआरएसयू टीम ने राष्ट्रीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी के कुशल मार्गदर्शन में चेन्नई में 10 मार्च से 14 मार्च तक आयोजित कलई सरल राष्ट्रीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (CRSU) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वन एक्ट प्ले प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। टीम की इस उपलब्धि ने विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
इस नाटक का विषय “सपनों का सफर” था, जिसे दर्शकों एवं निर्णायकों द्वारा अत्यंत सराहा गया। नाटक में छात्रों ने अपने सशक्त अभिनय, भाव-प्रवण प्रस्तुति और प्रभावशाली संवाद अदायगी से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस प्रतिभाशाली टीम में कुल 9 छात्र-छात्राएं—अंजलि, रवि, अंकित, अभिषेक, नवरत्न, साहिल, कुमारी दीक्षा एवं निशु—शामिल थे, जिन्होंने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विश्वविद्यालय परिसर में टीम के लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी छात्र-छात्राएं इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
कुलसचिव प्रो. सीमा गुप्ता ने भी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की लगन, अनुशासन और रचनात्मकता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय सदैव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहित करता रहेगा और ऐसे मंच उपलब्ध कराता रहेगा।
डीवाईसीए के निदेशक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क इस सफलता का मुख्य आधार है। उन्होंने टीम की एकजुटता और निरंतर अभ्यास को इस उपलब्धि का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने बताया कि इस नाटक का निर्देशन श्री यशु दास द्वारा किया गया, जिनके कुशल मार्गदर्शन और प्रेरणा से टीम ने यह सफलता अर्जित की।
वहीं सहायक निदेशक डॉ. भावना ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य छात्रों को भी प्रेरित करती हैं और उन्हें सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए उत्साहित करती हैं।
यह उपलब्धि न केवल टीम के लिए, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है और आने वाले समय में और भी बड़ी सफलताओं का मार्ग प्रशस्त करती है।
