सीआरएसयू में एथलेटिक्स मीट का सफल आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

March 13, 2026

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद में कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी के मार्गदर्शन में वर्ष 2026 की पहली यूटीडी की एथलेटिक्स मीट का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू तथा निदेशक खेल विभाग के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को ही नहीं बढ़ाते, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने एथलेटिक्स मीट में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों की सराहना की और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई दी।

कुलगुरु प्रो. सैनी ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे इसी उत्साह और मेहनत के साथ आगे भी खेलों में भाग लेते रहें और अपने प्रदर्शन को निरंतर बेहतर बनाते रहें। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया कि वे भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और अपने विश्वविद्यालय का नाम रोशन करें।

विश्वविद्यालय कुलसचिव डॉ. राजेश बंसल ने शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों में निरंतर मेहनत करने तथा विश्वविद्यालय का नाम राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय हमेशा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि विद्यार्थी खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकें। साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डीएसडब्ल्यू डॉ. जसबीर सिंह ने भी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत, लगन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर डॉ. अतुल सहारण ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, अधिकारियों और विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अनेक प्राध्यापक और अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रोफेसर कुलदीप नारा, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. नरेश देशवाल, डॉ. रोहित राठी, अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

एथलेटिक्स मीट के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना को बढ़ावा देना तथा उन्हें शारीरिक रूप से सशक्त और मानसिक रूप से दृढ़ बनाना है। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार की खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ और सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।

खेल प्रतियोगिता के परिणाम

100 मीटर महिला दौड़ में मीनू (बी.पी.एड.) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रीनू (एम.पी.एड.) द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि स्वाति (बी.पी.एड.) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

100 मीटर पुरुष वर्ग में नवीन पहले स्थान पर संजय दूसरे स्थान पर और अंकित तीसरे स्थान पर रहे।

200 मीटर महिला दौड़ में मीनू (बी.पी.एड.) ने प्रथम स्थान हासिल किया। पूजा (बी.पी.एड.) द्वितीय स्थान पर रहीं तथा रीनू (एम.पी.एड.) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

200 मीटर पुरुष वर्ग की दौड़ में संजय (एम.पी.एड.) प्रथम स्थान पर रहे। नवीन ने द्वितीय स्थान, धीरज ने तृतीय स्थान तथा साहिल ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

400 मीटर पुरुष वर्ग में विश्वजीत पहले स्थान पर परमजीत दूसरे स्थान पर और सोनू तीसरे स्थान पर रहे।

400 मीटर महिला वर्ग में पूजा पहले स्थान पर मीनू दूसरे स्थान पर और अंजू तीसरा स्थान पर रही।

1500 मीटर पुरुष वर्ग की दौड़ में सोनू (योग विज्ञान विभाग) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विश्वजीत (योग विज्ञान विभाग) द्वितीय स्थान पर रहे तथा सुमित (योग विज्ञान विभाग) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

शॉट पुट प्रतियोगिता में राघव दहिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सरवन द्वितीय स्थान पर रहे तथा अंकित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

100 मीटर महिला अध्यापक वर्ग की दौड़ में रेनू (मैनेजमेंट विभाग) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनु (कंप्यूटर साइंस विभाग) द्वितीय स्थान पर रहीं तथा नवीन (कंप्यूटर साइंस विभाग) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

लॉन्ग जंप महिला वर्ग में पहले स्थान पर पूजा, दूसरे स्थान पर मीनू, तीसरे स्थान पर रेनू रही।

लॉन्ग जंप पुरुष वर्ग में संजय पहले स्थान पर, अंकित दूसरे स्थान पर व श्रवण तीसरे स्थान पर रहे।