सीआरएसयू में टीवी न्यूज़ प्रोडक्शन पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित

November 27, 2025

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के जनसंचार विभाग द्वारा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राम पाल सैनी के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में टेलीविज़न न्यूज़ प्रोडक्शन विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर श्री अशोक कुमार ने छात्रों को न्यूज़ रूम की संपूर्ण कार्यप्रणाली से अवगत कराया।

कार्यक्रम की शुरुआत विभागाध्यक्ष प्रो. अजमेर सिंह द्वारा स्वागत भाषण के साथ हुई। उन्होंने पत्रकारिता विषय की गंभीरता पर जोर देते हुए कहा कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए तकनीकी दक्षता, कंटेंट समझ और रचनात्मक क्षमता का संतुलन अत्यंत आवश्यक है।

मुख्य वक्ता श्री अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को टीवी समाचार की बारीकियों से परिचित कराया। उन्होंने इनपुट–आउटपुट सिस्टम, पी सी आर और एम सी आर संचालन, विज़ुअल प्लानिंग, तथा न्यूज़ पैकेजिंग जैसे महत्वपूर्ण तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
इसके साथ ही, उन्होंने 20, 30 और 60 सेकेंड के न्यूज़ पैकेज तैयार करने की प्रक्रिया, स्क्रिप्टिंग तथा संपादकीय आवश्यकताओं पर भी प्रकाश डाला।

सत्र के समापन पर डॉ. बालाराम ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया और मुख्य वक्ता सहित सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनसंचार विभाग भविष्य में भी विद्यार्थियों के कौशल विकास हेतु इसी प्रकार के प्रशिक्षण आधारित कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुई, जिसमें उन्होंने न्यूज़ गैदरिंग, रिपोर्टिंग, स्टोरी-टेलिंग और टीवी न्यूज़ प्रोडक्शन की वास्तविक प्रक्रिया को नज़दीक से समझा और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।