“राष्ट्रीय शिक्षा नीति क्रियान्वयन उत्कृष्टता सम्मान–2025” को विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकों, अधिकारियों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को समर्पित- प्रो. राम पाल सैनी
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय परिसर में नववर्ष 2026 का स्वागत हर्षोल्लास और सकारात्मक वातावरण के साथ किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी ने विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि नया वर्ष नई उम्मीदों, नई संभावनाओं और नए संकल्पों का प्रतीक होता है। उन्होंने शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नए वर्ष में समर्पण, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करते हुए विश्वविद्यालय को निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर करें।
कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय को शैक्षणिक, शोध एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से विश्वविद्यालय आने वाले समय में नई ऊँचाइयों को छुएगा और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा।
प्रो. सैनी ने नववर्ष के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रतिष्ठित “राष्ट्रीय शिक्षा नीति क्रियान्वयन उत्कृष्टता सम्मान–2025” को विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकों, अधिकारियों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक परिश्रम, समर्पण और टीम वर्क का प्रतिफल है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव महोदय ने भी उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नया वर्ष विश्वविद्यालय के लिए नई उपलब्धियाँ लेकर आए और सभी मिलकर विश्वविद्यालय के विकास में सक्रिय योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय का समस्त परिवार उपस्थित रहा। नववर्ष के उपलक्ष्य में परिसर में सौहार्दपूर्ण एवं उत्सवपूर्ण वातावरण देखने को मिला। इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों के लिए चाय, पकौड़े और जलेबी की व्यवस्था की गई, जिससे आपसी भाईचारे और उत्साह का वातावरण बना रहा।
