युवा रेड क्रॉस, सीआरएसयू द्वारा नशा मुक्ति पर एक दिवसीय जागरूकता सेमिनार का आयोजन

February 5, 2026

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के माननीय कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में युवा रेड क्रॉस प्रकोष्ठ द्वारा दिनांक 05 फरवरी 2026 को विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में “नशा मुक्ति” विषय पर एक दिवसीय जागरूकता सेमिनार का सफल एवं प्रभावशाली आयोजन किया गया। इस सेमिनार में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से जुड़े लगभग 100 युवा रेड क्रॉस स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें डॉ. राजेश बंसल, माननीय कुलसचिव चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि “नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है, विशेष रूप से युवा वर्ग इसके सबसे अधिक शिकार हो रहे हैं। विश्वविद्यालय का दायित्व है कि वह युवाओं को न केवल शैक्षणिक रूप से सक्षम बनाए, बल्कि उन्हें सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों से भी जोड़े। युवा रेड क्रॉस जैसी गतिविधियाँ छात्रों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करती हैं।”

सेमिनार के मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. रमेश पंचाल, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (Deputy CMO), सिविल अस्पताल, जींद तथा श्री नरेश जगलान, मनोवैज्ञानिक उपस्थित रहे।

डॉ. रमेश पंचाल ने नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है बल्कि पूरे परिवार एवं समाज को भी प्रभावित करता है।

वहीं, मनोवैज्ञानिक श्री नरेश जगलान ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, इसके मानसिक कारणों तथा नशे से बाहर निकलने के लिए परामर्श एवं सकारात्मक सोच की भूमिका पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर श्री राम जी लाल, सचिव, युवा रेड क्रॉस, जींद, प्रो. कुलदीप नारा, कार्यक्रम समन्वयक (युवा रेड क्रॉस), सीआरएसयू, जींद, डॉ. रोहित एवं डॉ. मंजू सुहाग, परामर्शदाता, युवा रेड क्रॉस, सीआरएसयू, जींद की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. पारुल एवं हिमेश द्वारा अत्यंत सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से किया गया। सेमिनार के दौरान स्वयंसेवकों ने वक्ताओं से प्रश्न-उत्तर के माध्यम से संवाद स्थापित किया तथा नशा मुक्ति के प्रति अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस सफल आयोजन में जिला रेड क्रॉस सोसायटी, जींद की टीम का विशेष सहयोग रहा, जिसके लिए युवा रेड क्रॉस, सीआरएसयू, जींद द्वारा उनका हृदय से आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।