चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय की छात्रा कुमारी सरिती ने अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय गतका प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय की छात्रा कुमारी सरिती ने अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय गतका प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। यह प्रतियोगिता यूनिवर्सिटी ऑफ कोटा, राजस्थान में दिनांक 22 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक आयोजित की गई।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें टीम इवेंट के साथ-साथ व्यक्तिगत इवेंट भी आयोजित किए गए। कुमारी सरिती ने व्यक्तिगत गतका स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए विजेता खिलाड़ी को बधाई दी। विश्वविद्यालय कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी ने कुमारी सरिती को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने घोषणा की कि विश्वविद्यालय पहुंचने पर खिलाड़ी का भव्य स्वागत किया जाएगा तथा उन्हें ₹25,000 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
विश्वविद्यालय कुलसचिव प्रो. सीमा गुप्ता ने भी विजेता खिलाड़ी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. नरेश देशवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि चाहे ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी गेम्स हों या खेलो इंडिया जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताएं, विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक पदक जीतकर संस्थान का गौरव बढ़ाया है।
कुमारी सरिती की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के खेल उत्कृष्टता के निरंतर प्रयासों का प्रमाण है और आने वाले समय में अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी।
