CRSU की MSc Physics की छात्राओं का शोध अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित – Journal of Optics में पेपर चयन
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (CRSU), जींद के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग की एमएससी- फिजिक्स की छात्राओं *पूजा, प्रीति एवं तनिशा* द्वारा किया गया शोध कार्य अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पीयर-रिव्यूड वैज्ञानिक पत्रिका -जर्नल ऑफ ऑप्टिक्स में प्रकाशित हुआ है।
छात्राओं का शोध पत्र "Comprehensive Evaluation of Dy³⁺-Doped Zinc Calcium Strontium Borate Glasses for Opto-electronic Applications ” को अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय द्वारा सराहा गया है।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. रामपाल सैनी ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि CRSU के विद्यार्थी शोध के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी अनुसंधान के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित किया।
यह शोध कार्य डॉ. निशा देउपा, असिस्टेंट प्रोफेसर भौतिकी विभाग तथा रिसर्च स्कॉलर मिस ईशा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। शोध में Dy³⁺ (डिस्प्रोसियम) से डोप्ड बोरेट ग्लास सामग्री के प्रकाशीय एवं ल्यूमिनेसेंस गुणों का गहन अध्ययन किया गया है, जो भविष्य में ऑप्टोइलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, सॉलिड-स्टेट लाइटिंग, डिस्प्ले टेक्नोलॉजी एवं फोटोनिक अनुप्रयोगों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकता है।
इस मौके पर प्रो. आनंद कुमार, विभाग अध्यक्ष ने छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के उच्च स्तरीय शोध कार्य विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं अनुसंधान संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाते हैं
छात्राओं की इस सफलता से विश्वविद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल है। यह उपलब्धि न केवल संबंधित छात्राओं के लिए, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।
