CRSU के विधि संकाय विभाग के विद्यार्थियों को संविधान की राह पर चलने की दी सीख :-प्रो. राजेश मलिक

December 8, 2025

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में विधि संकाय विभाग द्वारा संविधान विषय पर एक विशेष एक्सटेंशन लेक्चर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा के प्रख्यात विधि विशेषज्ञ प्रो. राजेश मलिक रहे।

लेक्चर के दौरान प्रो. मलिक ने भारतीय संविधान की मूल भावना, संरचना तथा उसके प्रमुख अनुच्छेदों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से अनुच्छेद 13, 14 और न्याय से जुड़े प्रावधानों को सरल भाषा में समझाते हुए विद्यार्थियों को जागरूक किया।

प्रो. मलिक ने कहा कि संविधान को जानना हर नागरिक का अधिकार ही नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी है, क्योंकि देश का संचालन संविधान द्वारा निर्धारित सिद्धांतों और नियमों के अनुसार ही होता है। जिस प्रकार एक व्यक्ति अपने जीवन को व्यवस्थित रखने के लिए नियमों का पालन करता है, उसी प्रकार राष्ट्र को भी सुचारू रूप से चलाने के लिए संविधान का सम्मान और पालन करना अत्यंत आवश्यक है।

विभागाध्यक्ष प्रो. कुलदीप नारा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से संविधान की शिक्षाओं को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विधि के छात्र होने के नाते संविधान की समझ सबसे पहली और सबसे आवश्यक शर्त है। प्रो. नारा ने प्रो. राजेश मलिक का हार्दिक धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका यह व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी सिद्ध होगा।

कार्यक्रम में डॉ. संदीप देशवाल, डॉ. रामबीर बडाला, डॉ. संदीप खटकड़, डॉ. अंकित सहित विभाग के अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने इस लेक्चर को अत्यंत उपयोगी और महत्वपूर्ण बताया।