CRSU जींद के छात्र प्रदीप कुमार ने ऑस्ट्रेलिया में आयोजित विश्व स्तरीय गीता ज्ञान निबंध प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर बढ़ाया विश्वविद्यालय का गौरव

January 7, 2026

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (CRSU), जींद के संगीत विभाग के छात्र प्रदीप कुमार ने ऑस्ट्रेलिया में आयोजित विश्व स्तरीय गीता ज्ञान निबंध लेखन प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर न केवल विश्वविद्यालय बल्कि हरियाणा प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता एसोसिएशन ऑफ हरियाणवी इन ऑस्ट्रेलिया (AHA) द्वारा ऑस्ट्रेलिया में आयोजित की गई थी, जिसमें भारत सहित विभिन्न देशों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रविष्टियाँ भेजीं। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच प्रदीप कुमार ने अपने गहन गीता ज्ञान और उत्कृष्ट लेखन कौशल के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

इस उपलब्धि के लिए प्रदीप कुमार को गीता संस्थान, कुरुक्षेत्र में आयोजित समारोह के दौरान गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज जी द्वारा प्रशंसा पत्र तथा 100 ऑस्ट्रेलियन डॉलर की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी ने प्रदीप कुमार को बधाई देते हुए कहा कि “यह उपलब्धि चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। हमारे विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहे हैं। प्रदीप कुमार ने गीता के संदेश को विश्व स्तर पर पहुँचाकर यह सिद्ध किया है कि हमारे छात्र वैश्विक प्रतिस्पर्धा में पूरी तरह सक्षम हैं। हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।”

प्रो. सैनी ने छात्र की सराहना करते हुए कहा कि “प्रदीप कुमार की यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। इस प्रकार की अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बनती हैं। विश्वविद्यालय परिवार की ओर से हम उन्हें ढेरों शुभकामनाएँ देते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।”

इस अवसर पर OSD डॉ. विजय कुमार, कुलसचिव डॉ. राजेश बंसल, डॉ० अनुपम भाटिया, डॉ. भावना, डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. कविता तथा कुलपति के निजी सचिव श्री सुरेश कुमार भी उपस्थित रहे और सभी ने प्रदीप कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विश्वविद्यालय परिवार ने एक स्वर में कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियाँ CRSU जींद को शिक्षा, संस्कृति और भारतीय मूल्यों के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।