खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 में चमका चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद |
कुश्ती में 2 स्वर्ण, 1 रजत; बॉक्सिंग और एथलेटिक्स में भी पदक
कुलगुरु प्रो. (डॉ.) राम पाल सैनी ने विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा —“हमारे विश्वविद्यालय के छात्र न केवल अकादमिक क्षेत्र में बल्कि खेल जगत में भी उत्कृष्ट भूमिका निभा रहे हैं।
राजस्थान में 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक विभिन्न सात शहरों में जारी खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (KIUG) 2025 में चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद का प्रदर्शन लगातार दमदार बना हुआ है। भारत सरकार की खेलो इंडिया पहल के अंतर्गत आयोजित इस पाँचवें संस्करण में सीआरएसयू का 29 सदस्यीय दल कुश्ती, फेंसिंग, आर्चरी, बॉक्सिंग, रग्बी और एथलेटिक्स सहित कई खेलों में हिस्सा ले रहा है।
कुलगुरु ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) राम पाल सैनी ने कहा--हमारे विद्यार्थी अकादमिक के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। यहाँ आकर यह अनुभव हुआ कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले हमारे बच्चे जन्मजात मजबूत, मेहनती और प्रतिभाशाली हैं। केवल उन्हें तराशने की आवश्यकता है—ये पैदाइशी खिलाड़ी हैं। इन्होंने अभाव के बावजूद राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है” ।
*कुश्ती में सीआरएसयू का जलवा — दो स्वर्ण, एक रजत*
भरतपुर में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने अब तक शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए हैं। कुश्ती कोच *श्री अमित* के अनुसार—
* *प्रमोद कुमार — 67 किग्रा, ग्रीको रोमन : स्वर्ण पदक*
* *हिमांशु — 63 किग्रा, ग्रीको रोमन : स्वर्ण पदक*
* *संदीप — 65 किग्रा, फ्रीस्टाइल : रजत पदक*
इन उपलब्धियों ने विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में मजबूती प्रदान की है।
बॉक्सिंग में पूजा ने किया कांस्य पक्का
1 से 5 दिसंबर तक आयोजित हो रही बॉक्सिंग प्रतियोगिता में *कुमारी पूजा (52 किग्रा)* ने अपना *कांस्य पदक सुनिश्चित किया है। टीम कोच **मेजर सुरेंद्र* ने बताया कि पूजा ने शुरुआती मुकाबलों में बेहतरीन खेल दिखाया और पदक पक्का कर लिया।
एथलेटिक्स में आशा का दम—400 मीटर हर्डल में कांस्य
एथलेटिक्स इवेंट में विश्वविद्यालय की धाविका *कुमारी आशा* ने *400 मीटर हर्डल रेस में कांस्य पदक* जीतकर विश्वविद्यालय को एक और सफलता दिलाई है। यह जानकारी टीम कोच *डॉ. कृष्ण* ने दी।
लगातार पाँच वर्षों से मजबूत प्रदर्शन—हरियाणा में तीसरा स्थान बरकरार
खेल निदेशक डॉ. नरेश देशवाल ने बताया कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के पिछले पाँच संस्करणों में चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय *हरियाणा की सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों में लगातार तीसरा स्थान बनाए हुए है।*
उन्होंने बताया कि—
* *2022 में विश्वविद्यालय देशभर में 14वें स्थान पर रहा था।*
* *इस बार भी विश्वविद्यालय पदक तालिका में मजबूत स्थिति बनाए हुए है।*
5 दिसंबर को होगा समापन समारोह
खेलों का समापन 5 दिसंबर को जयपुर में आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने घोषणा की है कि सभी विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों का वापसी पर कुलगुरु एवं कुलसचिव द्वारा सम्मान पूर्वक स्वागत किया जाएगा।*
