चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय राज्य स्तरीय (स्टेट यूनिवर्सिटी लेवल) विशेष शिविर का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जा रहा है।
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय राज्य स्तरीय (स्टेट यूनिवर्सिटी लेवल) विशेष शिविर का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जा रहा है।
आज शिविर के दौरान विश्वविद्यालय के माननीय कुलगुरु प्रो. (डॉ.) राम पाल सैनी जी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया।
कुलगुरु प्रो. (डॉ.) राम पाल सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्रभक्ति और सामुदायिक सहयोग की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर कुलगुरु के साथ उनके ओएसडी, डॉ. विजय कुमार जी भी उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनके समाधान में सक्रिय भागीदारी निभाने का अवसर मिलता है।
शिविर में विभिन्न महाविद्यालयों से आए लगभग 200 स्वयंसेवक (100 छात्र एवं 100 छात्राएं) भाग ले रहे हैं। शिविर के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जागरूकता रैली, स्वास्थ्य एवं योग सत्र, सामाजिक मुद्दों पर विचार-विमर्श तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना, टीमवर्क और नेतृत्व कौशल का विकास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों ने कुलगुरु महोदय का स्वागत किया तथा शिविर की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। स्वयंसेवकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
अंत में कुलगुरु महोदय ने शिविर के सफल आयोजन के लिए एनएसएस समन्वयक, कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों की प्रशंसा की और भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ समाज सेवा के कार्यों में अग्रसर रहने की प्रेरणा दी।
यह सात दिवसीय राज्य स्तरीय एनएसएस विशेष शिविर विश्वविद्यालय में युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
