चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद की प्रतिभावान खिलाड़ी मिस सोनिका ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय वुशु प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद की प्रतिभावान खिलाड़ी मिस सोनिका ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय वुशु प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। यह प्रतियोगिता 3 से 7 मई 2026 तक कश्मीर विश्वविद्यालय, श्रीनगर में आयोजित की गई।
मिस सोनिका की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय प्रशासन में खुशी का माहौल है। विश्वविद्यालय कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी ने विजेता खिलाड़ी को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की तथा प्रोत्साहन स्वरूप ₹25,000 की नगद राशि देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं, जो पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलसचिव प्रो. सीमा गुप्ता ने भी मिस सोनिका को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. नरेश देशवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय ने विगत वर्षों में भी वुशु प्रतियोगिताओं में ओवरऑल चैंपियनशिप एवं कई पदक प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की मजबूत खेल संस्कृति और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विजेता खिलाड़ी तथा प्रशिक्षकों को भी बधाई दी।
विश्वविद्यालय परिवार ने मिस सोनिका की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
