चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय को MCA और MBA के लिए AICTE की स्वीकृति

May 20, 2026

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय को MCA और MBA के लिए AICTE की स्वीकृति

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय को MCA और MBA पाठ्यक्रमों के लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के तकनीकी एवं प्रबंधन शिक्षा क्षेत्र में बढ़ते कदमों को नई दिशा प्रदान करेगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, AICTE की स्वीकृति मिलने के बाद MCA और MBA कार्यक्रम अब राष्ट्रीय स्तर के तकनीकी एवं प्रबंधन शिक्षा मानकों के अनुरूप संचालित किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर उद्योग संपर्क, आधुनिक पाठ्यक्रम तथा रोजगार के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी ने कहा कि AICTE की स्वीकृति विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि इससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त डिग्री, इंटर्नशिप, उद्योग आधारित प्रशिक्षण तथा सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

AICTE नोडल अधिकारी डॉ. अनुपम भाटिया ने बताया कि विश्वविद्यालय ने AICTE के सभी आवश्यक मानकों और प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया है। उन्होंने कहा कि इस स्वीकृति से विश्वविद्यालय के MCA और MBA विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी। साथ ही, विद्यार्थियों को स्किल डेवलपमेंट, स्टार्टअप और इनोवेशन गतिविधियों में भी अधिक अवसर प्राप्त होंगे।

AICTE स्वीकृति के प्रमुख लाभों में उद्योग उन्मुख पाठ्यक्रम, अनुभवी संकाय, डिजिटल एवं आधुनिक शिक्षण सुविधाएं, प्लेसमेंट सहायता, इंटर्नशिप के अवसर तथा विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता में वृद्धि शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे विद्यार्थियों और क्षेत्र की उच्च शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।