पुरुष सर्कल स्टाइल कबड्डी टीम ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया

April 7, 2026

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद की पुरुष सर्कल स्टाइल कबड्डी टीम ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। यह प्रतियोगिता 2 से 4 अप्रैल तक गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू), हिसार में आयोजित की गई थी।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) राम पाल सैनी ने विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्टता को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा और ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। कुलगुरु ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए प्रत्येक खिलाड़ी को 25-25 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि देने की घोषणा भी की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय पहुंचने पर विजेता टीम का भव्य स्वागत किया जाएगा और उनके इस गौरवपूर्ण प्रदर्शन को पूरे विश्वविद्यालय परिवार के साथ साझा किया जाएगा।

कुलसचिव प्रो. सीमा गुप्ता ने भी विजेता टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने विश्वविद्यालय का नाम गर्व से ऊँचा किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों के लिए, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद की जाती है और विश्वविद्यालय प्रशासन खिलाड़ियों को हर स्तर पर आवश्यक सुविधाएं और प्रोत्साहन प्रदान करता रहेगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकें।

विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. नरेश देशवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 48-40 के स्कोर से मारवाड़ी विश्वविद्यालय, राजकोट (गुजरात) को पराजित किया। इसके अलावा, टीम ने चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के खिलाफ भी दमदार प्रदर्शन करते हुए 50-35 के अंतर से जीत दर्ज की। इस प्रतियोगिता में देशभर से कुल 15 टीमों ने भाग लिया, जिससे प्रतिस्पर्धा का स्तर काफी ऊंचा रहा।