विद्यार्थियों को पारदर्शी, तकनीक आधारित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रवेश प्रक्रिया उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता : कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी

May 19, 2026

विद्यार्थियों को पारदर्शी, तकनीक आधारित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रवेश प्रक्रिया उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता : कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी”

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू), जींद में कुलगुरु प्रो. राम पाल सैनी की अध्यक्षता में प्रवेश समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं विद्यार्थी हितैषी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रो. सैनी ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध एवं तकनीक आधारित हो, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज सत्यापन तथा काउंसलिंग प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

बैठक में विभिन्न संकायों एवं विभागों में उपलब्ध सीटों, प्रवेश नियमों, मेरिट प्रक्रिया तथा नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के तहत लागू प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। कुलगुरु ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को आधुनिक एवं रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से पाठ्यक्रमों को समयानुकूल बनाया जा रहा है।

बैठक में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा डीन उपस्थित रहे। सभी ने प्रवेश प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार सभी कार्यक्रमों के लिए ऑनलाइन पोर्टल 25 मई 2026 से खोला जाएगा, जबकि ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि 16 जून 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र में ऑनलाइन संशोधन की सुविधा 17 जून 2026 से 20 जून 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

प्रवेश परीक्षा 30 जून 2026 से 1 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी तथा प्रवेश परीक्षा का परिणाम 3 जुलाई 2026 को घोषित किया जाएगा।

एम.पी.एड. (पुरुष) एवं बी.पी.एड. (पुरुष) के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) 2 जुलाई 2026 को प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित होगी। वहीं एम.पी.एड. (महिला) एवं बी.पी.एड. (महिला) की शारीरिक दक्षता परीक्षा 3 जुलाई 2026 को प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।

प्रथम मेरिट सूची का प्रदर्शन 6 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे किया जाएगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 का विस्तृत प्रॉस्पेक्टस शीघ्र ही विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा, जहां से विद्यार्थी इसे आसानी से डाउनलोड कर सकेंगे