विद्यार्थियों में ऐतिहासिक चेतना और राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त करने का उद्देश्य।- प्रो. (डॉ.) राम पाल सैनी

November 24, 2025

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद में माननीय कुलगुरु प्रो.(डॉ.) राम पाल सैनी के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व मे इतिहास विभाग द्वारा “स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा का योगदान” विषय पर एक विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह आयोजन इतिहास विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों की श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था, जिसका उद्देश्य छात्रों में ऐतिहासिक चेतना, राष्ट्रभक्ति और स्थानीय इतिहास के प्रति शोध-रुचि का विकास करना भी था। कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ प्रस्तुति से हुई। इसके पश्चात् संचालक ने विषय की पृष्ठभूमि प्रस्तुत करते हुए बताया कि हरियाणा की धरती सदैव वीरों, बलिदानियों और संघर्षशील व्यक्तित्वों की जननी रही है।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता प्रो (डॉ.) महेंद्र सिंह, दयानंद कॉलेज, हिसार ने अपने विस्तृत व्याख्यान में न केवल 1857 के संग्राम में रोहतक, हिसार, जींद, झज्जर और गुरुग्राम क्षेत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका की चर्चा की, बल्कि राव तुलाराम, नाहर सिंह, हुक्म चंद जैन, Pt. नेकी राम शर्मा जैसे अनेक क्रांतिकारियों के योगदान का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के ग्रामीण समाज में देशभक्ति की भावना इतनी प्रबल थी कि सामान्य किसानों, चरवाहों और युवाओं ने भी अंग्रेजी शासन के विरुद्ध निर्भीक होकर संघर्ष किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ अजमेर सिंह ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षिक कार्यक्रम छात्रों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उन्हें अपने प्रदेश और देश के गौरवशाली अतीत से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में विभाग के शिक्षक गण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

अंत में डॉ जसमेर सिंह, सहायक प्रोफेसर इतिहास विभाग द्वारा मुख्य वक्ता एवं सभी उपस्थित प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर डॉ जगपाल मान, डॉ जगपाल दहिया एवं अन्य शिक्षक गण मौजूद रहे।