सीआरएसयू, जींद की छात्रा दीक्षिका ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कराटे चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक, विश्वविद्यालय में खुशी की लहर
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद की प्रतिभाशाली छात्रा दीक्षिका ने 68 किलोग्राम वर्ग में आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कराटे (महिला) चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 4 से 9 अप्रैल 2026 तक डिब्रूगढ़, असम में आयोजित की गई, जिसमें देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
दीक्षिका की इस उपलब्धि से न केवल विश्वविद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने यह सिद्ध कर दिया कि निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) राम पाल सैनी ने विजेता खिलाड़ी को हार्दिक बधाई दी तथा उसे 35,000 रुपये की नकद राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं आधुनिक खेल अवसंरचना उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. सीमा गुप्ता ने भी दीक्षिका को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
वहीं, खेल निदेशक डॉ. नरेश देशवाल ने बताया कि यह विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अर्जित किए हैं और यह परंपरा लगातार आगे बढ़ रही है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी बताया कि विजेता खिलाड़ी के विश्वविद्यालय पहुंचने पर उसका भव्य स्वागत किया जाएगा। साथ ही, विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में और अधिक सुविधाएं एवं अवसर प्रदान किए जाएंगे।
