चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद के कुलगुरु राम पाल सैनी के कुशल नेतृत्व में होटल मैनेजमेंट विभाग के चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण हेतु एक विशेष इंटरव्यू सत्र का आयोजन किया गया

May 20, 2026

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद के कुलगुरु राम पाल सैनी के कुशल नेतृत्व में होटल मैनेजमेंट विभाग के चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण हेतु एक विशेष इंटरव्यू सत्र का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान और कौशल को निखारने के उद्देश्य से 'लेमन ट्री' होटल द्वारा यह इंटरव्यू प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।

यह संपूर्ण साक्षात्कार प्रक्रिया होटल मैनेजमेंट विभाग के चेयरपर्सन अजमेर सिंह के मार्गदर्शन तथा विभाग के इंचार्ज अरुण यादव की देखरेख में आयोजित की गई। विद्यार्थियों को इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए तैयार करने और इंटरव्यू के सफल संचालन में सहायक प्रोफेसर पंकज ने अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ इस प्रक्रिया में भाग लिया।

पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण आधारित इस साक्षात्कार के बारे में विभाग के इंचार्ज डॉ. अरुण यादव ने बताया कि इंटरव्यू पूरी तरह विद्यार्थियों के शैक्षणिक पाठ्यक्रम और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर आधारित था। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर कॉर्पोरेट जगत और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री की व्यावहारिक बारीकियों से परिचित कराना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।

चेयरपर्सन डॉ. अजमेर सिंह ने इस सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। वहीं, सहायक प्रोफेसर पंकज ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के इंटरव्यू छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें प्रतिष्ठित ब्रांड्स में करियर बनाने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर विभाग के अन्य शिक्षकगण एवं विद्यार्थी भी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को विद्यार्थियों के भविष्य के लिए बेहद लाभकारी और प्रेरणादायक बताया।