डॉ॰ निशा दुनिया के सर्वश्रेष्ठ 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल

October 25, 2023

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जीन्द की डॉ॰ निशा दुनिया के सर्वश्रेष्ठ 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल

स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय, अमेरिका द्वारा 4 अक्टूबर, 2023 में एक रिपोर्ट जारी की गई जिसमें शोध के आधार पर पूरी दुनिया के शैक्षणिक शोध करने वाले वैज्ञानिकों की एक रैंकिंग तैयार की गई है। इस सूची में विज्ञान क्षेत्र के 22 मुख्य विषय तथा 174 उपविषय शामिल किए गए हैं। इस सूची में आने वाले शैक्षणिक वैज्ञानिक पूरी दुनिया में अपने शोध कार्यों के आधार पर सर्वश्रेष्ठ और शीर्ष के 2 प्रतिशत लोग हैं। इस सूची में चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जीन्द की डॉ॰ निशा देउपा का नाम शामिल होना विश्वविद्यालय के साथ-साथ पूरे हरियाणा प्रदेश के लिए एक गौरव की बात है। डॉ॰ निशा देउपा चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विषय में सहायक प्राध्यापक है। इन्होंने समय-समय पर विज्ञान के क्षेत्र में अपने शोध पत्रों से पूरी दुनिया में विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय को केंद्र सरकार द्वारा मिलने वाला पहला रिसर्च प्रोजेक्ट भी डॉ॰ निशा को ही मिला था। अब दुनिया के सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिकों की सूची में भी नाम आने से पूरे विश्वविद्यालय में खुशी की लहर है।

विश्वविद्यालय कुलपति डॉ॰ रणपाल सिंह ने डॉ॰ निशा को बधाई देते हुए कहा कि इनकी अपार बौद्धिक कुशलता हमें प्रेरित करती रहेगी। आस-पास के लोगों के लिए अन्वेषण के रास्ते खोलती रहेगी। विश्वविद्यालय के लिए यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

कुलसचिव प्रो॰ लवलीन मोहन ने भी बधाई देते हुए कहा की डॉ॰ निशा पूरे विश्वविधालय के शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणा का स्त्रोत है। इस मौके पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो॰ संजय कुमार सिन्हा और भौतिक विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ॰ आनंद ने भी डॉ निशा को बधाई दी।