विश्वविद्यालय की खिलाड़ी कुमारी साक्षी व कुमारी मुस्कान मलिक ने 19 वें एशियन गेम्स में भारतीय कबड्डी टीम का प्रतिनिधित्व किया

October 10, 2023

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद की दो महिला खिलाड़ी कुमारी साक्षी व कुमारी मुस्कान मलिक ने 19 वें एशियन गेम्स में भारतीय कबड्डी टीम का प्रतिनिधित्व किया और एशियाई गेम्स में टाइ-फाइ, चीन की टीम को फाइनल मैच में 26-25 के स्कोर से हराकर गोल्ड मेडल प्राप्त किया। ये दोनों खिलाड़ी चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद की छात्राएं रही हैं। दोनों ही खिलाड़ियों ने नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी कबड्डी टूर्नामेंट में भी विश्वविद्यालय का पूर्व में प्रतिनिधित्व किया है। उनकी जीत विश्वविद्यालय परिसर और उनके परिवार में खुशी की लहर लेकर आई है और विश्वविद्यालय खिलाड़ियों  की उपलब्धि पर गर्व का अनुभव कर रहा है। विजेता खिलाड़ियों को कुलपति डॉ० रणपाल सिंह व कुलसचिव प्रो० लवलीन मोहन ने जीत की बधाई दी और भविष्य में भी अच्छा खेल प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी। ये दोनों खिलाड़ी विश्वविद्यालय के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। भविष्य में विश्वविद्यालय इन दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित करेगा और इन्हें ऐसे अवसर प्रदान करेगा,  जिससे ये दोनों अन्य सभी युवा खिलाड़ियों को संबोधित कर उनका मार्गदर्शन कर सकेंगे। यह समस्त जानकारी विश्वविद्यालय खेल निदेशक डॉ० नरेश देशवाल ने दी, डॉक्टर देशवाल ने बताया कि कुमारी साक्षी 18 वें एशियाई गेम्स में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। माननीय बंडारू दत्तात्रेय, राज्यपाल, हरियाणा ने कुमारी साक्षी को इस उपलब्धि के लिए 2022 में हरियाणा का सर्वोच्च खेल पुरस्कार ‘भीम अवार्ड’ देकर सम्मानित किया और 2022 में ही कुमारी साक्षी को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन अवार्ड देकर सम्मानित किया। यह इस नए  विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि खिलाड़ियों और विश्वविद्यालय के लिए ऐतिहासिक है।