विश्वविद्यालय में लड़कियों के लिए लगेगा विशेष जॉब उत्सव

October 25, 2023

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय ने बेटी कमाओ अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली लड़कियों के लिए विशेष जॉब उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जैसा कि सबको पता है कि पिछले 4 महीने में विश्वविद्यालय में महिलाओं के उत्थान के लिए महिंद्रा प्राइड क्लास रूम द्वारा लड़कियों के पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, कम्युनिकेशन स्किल आदि के ट्रेनिंग करवाई गई है। इस ट्रेनिंग का मुख्य उद्देश्य लड़कियों को व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में आगे बढ़ने के लिए तैयार करना होता है। स्नातकोत्तर फाइनल ईयर में पढ़ने वाली ज्यादातर लड़कियों ने इन ट्रेनिंग कार्यक्रम में भाग लिया एवं अपने व्यावसायिक जीवन को शुरू करने के लिए तैयार है, इसलिए महिलाओं के लिए विशेष जॉब उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
कुलपति डॉ॰ रणपाल सिंह ने कहा कि लड़कियों के लिए नौकरी करने के फायदे सिर्फ आर्थिक आत्मनिर्भरता तक ही सीमित नहीं होते बल्कि कामकाजी होना लड़कियों की जिंदगी को कई स्तर पर सकारात्मक रूप से प्रभावित भी करता है। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में लड़कियों की संख्या बहुत ज्यादा है। लड़कियों के लिए लगाए जाने वाला यह विशेष जॉब उत्सव उन्हें जीवन में नए मौके प्रदान करेगा एवं सफलता की ऊंचाइयों पर पहुंचने में मदद करेगा।
कुलसचिव प्रोफेसर लवलीन मोहन ने कहा कि ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा नित्य प्रति विद्यार्थियों के उत्थान के लिए कुछ ना कुछ नया किया जा रहा है। जॉब उत्सव इसका एक परिणाम है एवं मेरी शुभकामनाएं है कि ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी इस जॉब उत्सव के माध्यम से लाभ उठा सकें। विद्यार्थियों की प्लेसमेंट नैक एक्रीडिटेशन में एक महत्वपूर्ण भाग है तथा मुझे पूरा विश्वास है कि ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को नौकरी मिलने पर विश्वविद्यालय को एक्रीडिटेशन में भी सहायता मिलेगी।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट के डायरेक्टर डॉक्टर अनुपम भाटिया ने बताया कि ‘महिंद्रा ऐंड महिंद्रा कंपनी’ द्वारा उनके नांदी फाउंडेशन प्रोजेक्ट के माध्यम से चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद में जनवरी माह में जॉब उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न कार्यक्षेत्र से लगभग 12 कंपनियां विश्वविद्यालय की फाइनल ईयर छात्राओं का साक्षात्कार करेंगी। यह चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद में होने वाला इस प्रकार का पहला कार्यक्रम होगा। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल का उद्देश्य है कि 2024 में पास होने वाले सभी विद्यार्थियों को उनका परीक्षा परिणाम मिलने से पहले उन्हें किसी न किसी कंपनी का अपॉइंटमेंट लेटर मिल जाए ताकि परीक्षा परिणाम आते ही वह अपने कार्य क्षेत्र में सफलता हेतु काम करना शुरू कर दें। यह जॉब उत्सव जनवरी माह के तीसरे सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। इस जॉब उत्सव के लिए पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण हेतु विद्यार्थी 1 से 10 नवंबर के मध्य अपने विभाग के विभागाध्यक्ष से संपर्क कर सकते हैं। सभी लड़कियां ज्यादा से ज्यादा संख्या में पंजीकरण करवाएं क्योंकि विद्यार्थियों के पंजीकरण के पश्चात कंपनियों का चयन किया जाएगा। विद्यार्थियों की क्वालिफिकेशन के हिसाब से उन्हें इंटरव्यू में बैठने का मौका दिया जाएगा। इस जॉब उत्सव में महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के द्वारा ट्रेन की गई महिला विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।