हरियाणा उत्सव को लेकर विश्वविद्यालय में उत्साह का माहौल

November 1, 2023

हरियाणा उत्सव को लेकर चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जीन्द में उत्साह का माहौल

चौधरी रणबीर सिंह जीन्द में 1 और 2 नवम्बर, 2023 को आयोजित होने वाले ‘हरियाणा उत्सव’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियाँ पूरी जोरों पर हैं। माननीय कुलपति महोदय डॉ॰ रणपाल सिंह ने कार्यक्रम से संबंधित मीटिंग में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि ‘हरियाणा उत्सव’ का उद्देश्य प्रदेश की संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना है। इसके माध्यम से हरियाणा की जीवंत जीवन-शैली व पुराने रीति-रिवाजों से वर्तमान पीढ़ी को जोड़ना है। हरियाणा संस्कृति और कला को बनाए रखने के लिए और इसके प्रचार-प्रसार के लिए ऐसे उत्सवों का आयोजन बेहद आवश्यक है। विश्वविद्यालय इस दिशा में प्रदेशभर में सराहनीय भूमिका निभा रहा है।

माननीय कुलसचिव प्रो॰ लवलीन मोहन ने कहा कि यह अवसर विश्वविद्यालय परिवार और समस्त हरियाणावासियों के लिए किसी त्यौहार से कम नहीं है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय परिसर में चार स्टेज सुसज्जित किये गए हैं और प्रत्येक स्टेज के लिए कार्यकुशल कमेटी का गठन किया गया है। हरियाणा उत्सव एक सांस्कृतिक कार्यक्रम है जिसमें न केवल राज्य की समृद्ध कला और संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और विरासत का प्रदर्शन विभिन्न कलाओं के माध्यम से किया जाएगा बल्कि देश के लिए हरियाणा के उल्लेखनीय योगदान का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम निदेशालय के निदेशक डॉ॰ विजय कुमार ने बताया कि हरियाणा उत्सव एक ऐसा मंच जहां हरियाणा का युवा अपने अंदर छिपी प्रतिभा को उजागर कर जीवन में आगे बढ़ सकते है। इस उत्सव में युवाओं की जबरदस्त ऊर्जा जब साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकार से जुड़ती है तो एक नई चेतना का विकास होता है। आज इन्हीं कार्यक्रमों की बदौलत हरियाणवी संस्कृति की धूम विदेशों में भी छाई हुई है।